Monday, July 13, 2026

अंडरब्रिज पर जाम के बीच विवाद, सीआईएसएफ जवानों पर पिकअप चालक से मारपीट का आरोप

कोरबा। कुसमुंडा-दीपका मार्ग स्थित कुचेना रेलवे अंडरब्रिज पर शनिवार शाम जाम के दौरान सीआईएसएफ जवानों और एक पिकअप चालक के बीच विवाद हो गया। चालक ने जवानों पर मारपीट, गाली-गलौज और पिकअप की चाबी छीनने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6:30 बजे अंडरब्रिज के पास जाम लगा हुआ था। इसी दौरान सीआईएसएफ जवानों को ले जा रही बस और कुसमुंडा निवासी अमन मसीह की पिकअप के बीच हल्की टक्कर हो गई। आरोप है कि इसके बाद बस से उतरे कुछ जवानों ने चालक और उसके हेल्पर के साथ मारपीट की। चालक ने यह भी आरोप लगाया कि जवानों ने पैसों की मांग की।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है। साथ ही सीआईएसएफ अधिकारियों से भी घटना की जानकारी मांगी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।