
नई दिल्ली: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के एक आदेश के बाद, बैंकों ने ऑटोमेटेड टेलर मशीन (ATM) से कैश ट्रांजैक्शन समेत अन्य ट्रांजैक्शन पर नए साल के पहले दिन शनिवार यानी 1 जनवरी, 2022 से चार्ज बढ़ा दिया है. यह शुल्क बढ़ोतरी निर्धारित लेन-देन की संख्या से ज्यादा ट्रांजैक्शन करने पर की गई है. इसमें कैश और अन्य ट्रांजैक्शन भी शामिल हैं.
RBI की 10 जून, 2021 की अधिसूचना के मुताबिक, 1 जनवरी, 2022 से बैंक 20 रुपये के बजाय अब 21 रुपये ATM ट्रांजैक्शन चार्ज के तौर पर वसूल सकेंगे. हालांकि, ग्राहक अपने बैंक एटीएम से हर महीने पांच मुफ्त लेनदेन (वित्तीय और गैर-वित्तीय लेन-देन समेत) कर सकते हैं. इससे ज्यादा लेनदेन करने पर ही यह शुल्क लगेगा.
ग्राहक दूसरे बैंक के एटीएम से भी मुफ्त लेनदेन (वित्तीय और गैर-वित्तीय लेनदेन सहित) कर सकते हैं लेकिन उसकी सीमा भी निर्धारित कर दी गई है. मेट्रो शहरों में दूसरे बैंक की एटीएम से ग्राहक तीन लेन-देन जबकि गैर मेट्रो शहरों में पांच लेन-देन कर सकते हैं.







