Saturday, September 5, 2026

इलेक्ट्रिकल खराबी से NTPC कोरबा की सातों इकाइयां बंद, बिजली उत्पादन ठप

कोरबा। जिले में स्थित एनटीपीसी कोरबा पावर प्लांट की सभी सातों उत्पादन इकाइयां इलेक्ट्रिकल खराबी के चलते बंद हो गई हैं। शनिवार सुबह तक बंद इकाइयों को दोबारा चालू नहीं किया जा सका था। प्लांट की सभी इकाइयों के ट्रिप होने से बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ है, जिसका असर छत्तीसगढ़ समेत दूसरे राज्यों में बिजली आपूर्ति पर भी पड़ने की बात सामने आई है।

 

जानकारी के अनुसार, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन द्वारा ब्रेकर की जांच के दौरान प्लांट में इलेक्ट्रिकल खराबी सामने आई। इसके बाद एनटीपीसी कोरबा की सभी सातों इकाइयां एक साथ ट्रिप हो गईं। इससे संयंत्र में बिजली उत्पादन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

 

फिलहाल बंद इकाइयों को बहाल करने का काम तेजी से जारी है। अधिकारियों के मुताबिक इकाइयों को एक-एक कर दोबारा चालू किया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि देर रात तक सभी इकाइयों को चालू करने की प्रक्रिया पूरी हो सकती है।

 

एनटीपीसी कोरबा की कुल स्थापित क्षमता करीब 2,600 मेगावाट है। संयंत्र में 500 मेगावाट की चार इकाइयां और 200 मेगावाट की तीन इकाइयां शामिल हैं। सभी इकाइयों के बंद होने से इतने बड़े स्तर पर बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ है।

 

इस संबंध में शनिवार सुबह एनटीपीसी कोरबा की जनसंपर्क अधिकारी उषा घोष से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि बंद इकाइयों को सुधारने और बहाल करने का कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विस्तृत अपडेट शाम तक दिया जाएगा।