
रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयुष्मान कार्ड को बतौर एटीएम इस्तेमाल किया जा रहा है. यहां डॉक्टर मरीज से पहले ही उस दस्तावेज में हस्ताक्षर करवाने का दावा करते है, जिसमें ये लिखा हुआ होता है कि मरीज को आयुष्मान कार्ड से पैसे भी काट लिए जाएंगे और अतिरिक्त जो पैसा लिया जाएगा उसका बिल उन्हें नहीं मिलेगा.
ये पूरा मामला शंकर नगर स्थित SMC HEART INSTITUTE का है. यहां प्रसन्ना चौहान नाम के एक मरीज को परिजनों ने भर्ती कराया था. उनके पास आयुष्मान कार्ड मौजूद था. अस्पताल के स्टॉफ ने जो दावा किया है उसके मुताबिक उन्होंने मरीज को पहले ही ये बता दिया था कि उन्हें 2 लाख 38 हजार रुपए का खर्चा सिंगल स्टंट का लगेगा, अस्पताल का ये भी दावा है कि उन्होंने मरीज को ये भी बता दिया था 50 हजार रुपए आयुष्मान कार्ड से कटेगा और बाकी का उन्हें कैश देना होगा और इसका कोई भी बिल उन्हें नहीं मिलेगा.
चूंकि मरीज का पुत्र एक सिक्योरिटी गार्ड है. इसलिए पिता के यहां इलाज के बाद वे श्री कच्छ गुर्जर क्षत्रिय समाज में मदद मांगने अपने समाज में गए. जहां से लल्लूराम डॉट कॉम को ये सूचना मिली कि अस्पताल में इलाज के बाद पैसे तो लिए जा रहे है, लेकिन इसका कोई भी बिल उन्हें नहीं दिया जा रहा है.







