Tuesday, May 19, 2026

ईडी की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी चक्का जाम, कटघोरा चौक पर कांग्रेसियों ने किया विरोध प्रदर्शन

कटघोरा, 22 जुलाई 2025 – छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को प्रदेशव्यापी आर्थिक नाकेबंदी और चक्का जाम का आह्वान किया। इसके तहत कोरबा जिले के कटघोरा चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।

दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना देकर केंद्र सरकार और ईडी की कार्यशैली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष नत्थूलाल, सांसद प्रतिनिधि सुरेश सहगल, श्याम सुंदर सोनी, हरीश परसाई, तनवीर अहमद, विकास शुक्ला, BN सिंह, पवन शर्मा और सुरेश शर्मा सहित अनेक कांग्रेसी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार ईडी का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं को प्रताड़ित कर रही है और राजनीतिक द्वेषवश कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चैतन्य बघेल को शीघ्र रिहा नहीं किया गया, तो कांग्रेस आंदोलन को और उग्र रूप देगी।

कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि यह केवल चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी का मुद्दा नहीं, बल्कि लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय नागरिकों को कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम की स्थिति का सामना करना पड़ा, लेकिन प्रशासन की सतर्कता से स्थिति को नियंत्रण में रखा गया।