Saturday, May 9, 2026

ओमिक्रॉन के चलते नहीं टाले जाएंगे चुनाव, सूत्र बोले- UP और पंजाब समेत 5 राज्यों में तय समय पर होंगे

उत्तर प्रदेश, पंजाब समेत 5 राज्यों में 2022 में विधानसभा चुनाव हैं। इस पर सोमवार को चुनाव आयोग की स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ नई दिल्ली में मीटिंग हुई। मीटिंग से संकेत यही मिले हैं कि ओमिक्रॉन के चलते ये चुनाव टाले नहीं जाएंगे, यह तय समय पर ही होंगे। हालांकि अब जनवरी के पहले हफ्ते में दोबारा मीटिंग होगी, इसके बाद अंतिम फैसला हो सकता है।

चुनावी राज्यों से ओमिक्रॉन और वैक्सीनेशन का डेटा मांगा

सूत्रों के मुताबिक, चुनाव आयोग अपने शेड्यूल पर टिका रहना चाहता है। आयोग ने चुनावी राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, पंजाब और मणिपुर के स्वास्थ्य सचिवों के साथ ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों पर चर्चा की है। इन राज्यों में वैक्सीन कवरेज और ओमिक्रॉन केसेज का आंकड़ा भी मांगा है।

यह भी बताना है कि इन राज्यों में केंद्र-राज्यों के साथ मिलकर क्या काम कर रहा है। इसी रिपोर्ट के आधार पर जनवरी के पहले हफ्ते में बैठक होगी। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी ने चुनाव आयोग को कोरोना के हालातों के बारे में बताया।