कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 05 में ओपीवीसी पाइपलाइन विस्तार को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आरोप है कि पाइपलाइन विस्तार के नाम पर पहले ही भुगतान कर दिया गया, जबकि जमीनी स्तर पर काम शुरू तक नहीं हुआ था।
शिकायतकर्ता अनिल अग्रवाल ने नगर पालिका परिषद को दिए आवेदन में बताया कि नवागांव रोड से गोकुल धाम मेन रोड, सुरेंद्र गिरी के घर से मोती गोदाम और नवागांव स्कूल से गोरिया भांठा रामगोपाल के घर तक पाइपलाइन विस्तार प्रस्तावित था, लेकिन लंबे समय तक इन स्थानों पर कोई कार्य नहीं किया गया।
मामला कलेक्टर तक पहुंचने के बाद अब आनन-फानन में काम शुरू कराने की कोशिशें तेज हो गई हैं, जिससे लोगों में सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह कार्रवाई केवल शिकायत को दबाने के लिए की जा रही है।
गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत झेल रहे वार्डवासियों ने कहा कि यदि समय पर काम होता तो उन्हें परेशानी नहीं उठानी पड़ती। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।









