Friday, April 10, 2026

कांकेर में भीषण सड़क हादसा: एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, 3 गंभीर घायल

कांकेर, 10 अप्रैल 2026। कांकेर जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा नेशनल हाईवे-30 पर दो कारों की आमने-सामने टक्कर के कारण हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार, हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत नाथिया नवागांव के पास हुआ। मंडावी परिवार के सदस्य उड़कुडा के निवासी थे, जो चीवरांज में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सामने से आ रही दूसरी कार से टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार 3 महिलाएं, 2 पुरुष और एक बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दूसरी कार में सवार 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान सहित अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।