मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में एक महिला ने अपने पति पर किन्नर के साथ प्रेम संबंध होने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि पति के इस रिश्ते के कारण उसका वैवाहिक जीवन पूरी तरह टूट गया और उसे घर छोड़ना पड़ा।
महिला ने इस मामले की शिकायत छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग में दर्ज कराई है। शिकायत में उसने बताया कि पति के किन्नर से संबंध के कारण घर में लगातार विवाद होता था, जिसके बाद उसने उसे छोड़ दिया। पीड़िता ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पत्नी ने 5 लाख का प्रस्ताव ठुकराया
जानकारी के अनुसार, पति ने पत्नी से समझौता करने और अलग होने के लिए गुजारा भत्ता के रूप में 5 लाख रुपए देने का प्रस्ताव रखा था। यह रकम तीन किस्तों में देने की बात भी कही गई थी।
हालांकि, महिला ने यह प्रस्ताव साफ तौर पर ठुकरा दिया। उसका कहना है कि उसके पति के पास लगभग 10 एकड़ जमीन है और वह हर महीने करीब 50 से 60 हजार रुपए कमाता है। ऐसे में इतना कम मुआवजा स्वीकार नहीं किया जा सकता। पीड़िता ने कहा कि उसे पैसे नहीं बल्कि न्याय चाहिए।
महिला आयोग ने लिया संज्ञान
मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। सुनवाई के दौरान आयोग ने मुंगेली के एसपी को निर्देश दिए हैं कि अगली सुनवाई में आरोपी पति और किन्नर दोनों को हर हाल में पेश किया जाए।
आयोग का कहना है कि दोनों पक्षों की मौजूदगी में ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और पीड़ित महिला को न्याय दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।








