Wednesday, November 11, 2026

कोरबा के आदर्श नगर में कचरा सेंटर में भीषण आग, VIDEO: एसईसीएल कर्मचारियों की कॉलोनी तक पहुंच सकती थीं लपटें, दमकल टीम ने पाया काबू

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र के आदर्श नगर स्थित एसएलआरएम (ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन) सेंटर में मंगलवार रात अचानक भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें और घना धुआं देखकर आसपास रहने वाले एसईसीएल कर्मचारियों और उनके परिवारों में दहशत फैल गई। सेंटर के ठीक पास आवासीय कॉलोनी होने के कारण आग के मकानों तक पहुंचने का खतरा भी पैदा हो गया था। हालांकि, सूचना मिलते ही एसईसीएल की दमकल टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

लंबे समय से बंद सेंटर में जमा था कचरे का अंबार

जानकारी के अनुसार, एसएलआरएम सेंटर का निर्माण कचरा संग्रहण और पुनर्चक्रण के उद्देश्य से किया गया था, लेकिन यह लंबे समय से बंद पड़ा है। रखरखाव के अभाव में सेंटर के अंदर और बाहर बड़ी मात्रा में सूखा कचरा, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट जमा हो गया था। मंगलवार रात इसी कचरे में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

पूर्व पार्षद की सूचना पर पहुंची दमकल टीम

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय निवासियों ने पूर्व पार्षद शाहिद कुजूर को सूचना दी। उन्होंने तत्काल एसईसीएल के अधिकारियों और दमकल विभाग को इसकी जानकारी दी। इसके बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

बिजली लाइन से चिंगारी निकलने की आशंका

पूर्व पार्षद शाहिद कुजूर ने आशंका जताई कि सेंटर के पास से गुजर रही बिजली लाइन से चिंगारी निकलने या किसी अन्य कारण से आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

कॉलोनी तक पहुंच सकती थीं आग की लपटें

स्थानीय लोगों के मुताबिक, एसएलआरएम सेंटर के ठीक बगल में एसईसीएल कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनी है। ऐसे में आग फैलने पर बड़ा हादसा हो सकता था। दमकल टीम की समय पर कार्रवाई से आग को आवासीय मकानों तक पहुंचने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया।

स्थानीय लोगों ने बंद सेंटर के रखरखाव पर उठाए सवाल

घटना के बाद लंबे समय से बंद पड़े सेंटर में कचरे के ढेर और रखरखाव की कमी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे स्थानों की नियमित सफाई और निगरानी जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से आवासीय क्षेत्रों को खतरा न हो।