कोरबा। जिले के कटघोरा-बिलासपुर मार्ग पर कसनिया मोड़ के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। घटना शनिवार देर शाम की बताई जा रही है।
दर्री थाना क्षेत्र के लाटा बस्ती निवासी 22 वर्षीय प्रवेश यादव अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से सुतर्रा में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था। इसी दौरान कसनिया मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार को प्रवेश यादव की मौत हो गई। वहीं, उसके दो अन्य साथियों का इलाज जारी है, हालांकि उन्हें किस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







