छत्तीसगढ़ के कोरबा की न्यूज एंकर सलमा सुल्ताना हत्याकांड में कोर्ट में दर्ज हुए एक गवाह के बयान ने पूरे मामले को और भी सनसनीखेज बना दिया है। साल 2018 में लापता हुई सलमा सुल्ताना का कंकाल 2023 में बरामद हुआ था। इन दिनों इस बहुचर्चित मामले का ट्रायल कोरबा की अपर सत्र न्यायाधीश गरिमा शर्मा की अदालत में चल रहा है।
मामले की गवाह कोमल सिंह राजपूत ने कोर्ट में बताया कि हत्या के तुरंत बाद मुख्य आरोपी मधुर साहू एक हाथ में सलमा की मृत देह थामे हुए था और दूसरे हाथ में सिगरेट लेकर वह सलमा का पसंदीदा गीत “तुझसे नाराज नहीं मैं जिंदगी, हैरान हूं मैं…” गा रहा था। यह दृश्य किसी फिल्मी कहानी जैसा नहीं, बल्कि एक वास्तविक घटना थी।
2018 में लापता, 2023 में मिला कंकाल
सरकारी अभिभाषक सुनील सोनवानी के मुताबिक, अब तक इस मामले में 41 गवाहों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और ट्रायल अंतिम चरण में है। करीब 10 गवाहों के बयान अभी शेष हैं।
सलमा सुल्ताना अक्टूबर 2018 में अचानक लापता हो गई थी। उस समय यह चर्चा थी कि वह बड़े टीवी चैनल में काम की तलाश में दिल्ली या मुंबई गई है। जनवरी 2019 में उसके पिता की मौत हो गई, लेकिन सलमा ने परिवार से कोई संपर्क नहीं किया। इसके बाद कुसमुंडा थाना में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
पांच साल बाद 2023 में पुलिस जांच के दौरान खुलासा हुआ कि सलमा की हत्या कर दी गई थी और उसका शव कोरबा के आउटर इलाके में एक नाले में दबा दिया गया था। वहां बाद में फोरलेन सड़क बन गई थी। करीब दो महीने की मशक्कत के बाद शव को जमीन से लगभग 20 फीट नीचे से बरामद किया गया।
गवाह ने बताया आंखों देखा हाल
कोमल सिंह, जो आरोपी मधुर साहू के जिम में कंप्यूटर ऑपरेटर थी, ने कोर्ट को बताया कि हत्या के दिन सलमा ने उसे शारदा विहार स्थित अपने घर बुलाया था। बाद में वहां झगड़ा हुआ और मधुर ने सलमा का गला दबाने की कोशिश की। कुछ देर के लिए सलमा की हालत सामान्य हुई, लेकिन फिर विवाद बढ़ गया।
कोमल के अनुसार, मधुर ने सलमा को बिस्तर पर पटक कर दोबारा गला दबाया। इस दौरान उसके साथी कौशल श्रीवास ने तकिए से सलमा का मुंह दबा रखा था। जब कोमल ने विरोध किया तो उसे धमकी दी गई कि चुप रहो, वरना तुम्हारा भी यही हाल होगा।
हत्या के बाद धमकी और सबूत मिटाने की कोशिश
गवाह ने बताया कि हत्या के बाद मधुर ने उससे और मेड सविता से सलमा के मोबाइल से उसके परिजनों को मैसेज भिजवाया— “मैं जा रही हूं, मुझे परेशान मत करना”— और फोन बंद कर दिया गया।
कोमल ने यह भी खुलासा किया कि मधुर के कंप्यूटर में कई महिलाओं के साथ उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें थीं और वह ब्लैकमेलिंग करता था। उसने सलमा की हत्या की जानकारी एक पुलिसकर्मी और सलमा के भाई के एक दोस्त को भी दी थी, लेकिन दोनों ने यह बात मधुर तक पहुंचा दी, जिसके बाद उसे चुप रहने की धमकी मिली।
आरोपी जमानत पर
इस मामले में पुलिस ने सलमा के लिव-इन पार्टनर मधुर साहू और उसके दो सहयोगियों कौशल श्रीवास एवं अतुल शर्मा को गिरफ्तार किया था। फिलहाल तीनों आरोपी जमानत पर हैं।
कोर्ट में चल रहे ट्रायल और गवाहों के बयानों के बाद इस जघन्य हत्याकांड ने एक बार फिर लोगों को झकझोर कर रख दिया है।








