कोरबा जनपद पंचायत में पिछले कई महिनों से चली आ रही उठा-पटक के बीच आखिरकार अंदरूनी कलह सतह पर उभर ही गई। जनपद पंचायत की उपाध्यक्ष के कामकाज के तरीकों और पुत्र के द्वारा की जा रही दखलअंदाजी एवं मनमानी चलाने के आरोप लगाते हुए उपाध्यक्ष श्रीमती कौशिल्या वैष्णव के विरूद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। अविश्वास प्र्रस्ताव की सूचना विहित अधिकारी कलेक्टर को भी प्रेषित कर दी गई है। हालांकि यह अविश्वास प्रस्ताव की सूचना 28 सितंबर 2021 को कलेक्टर को दी गई है किंतु जिला पंचायत सीईओ के नहीं होने के कारण व अन्य अपरिहार्य कारणों से अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान व अन्य प्रक्रियाओं की तिथि घोषित नहीं हो पाई है।
इस अविश्वास प्रस्ताव के बाद से जनपद के गलियारे में राजनैतिक सरगर्मी बढ़ी हुई है। पंचायत क्षेत्रों में जाकर जनप्रतिनिधियों पर शासकीय राशि का गबन करने का आरोप लगाकर जेल भिजवाने की धमकी देने सहित अन्य तरह के आरोप लगाते हुए एवं उनके सभी कार्यों में पुत्र आशुतोष वैष्णव की दखल तथा जनपद सदस्यों का अपमान को लेकर अविश्वास प्रस्ताव लाया गया।








