कोरबा में नगर निगम प्रशासन ने बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। बायपास क्षेत्र में सड़क किनारे और फुटपाथ पर कब्जा कर दुकानें लगाने वालों पर निगम की टीम ने बुलडोजर चलाया और कई अस्थायी ढांचों को हटाया गया।
सुबह से शुरू हुए इस अभियान के दौरान निगम अमला, पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे बने अवैध कब्जों और अस्थायी दुकानों को हटाया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल भी देखने को मिला।
जानकारी के मुताबिक, बायपास क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण के कारण आम लोगों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार शिकायतें किए जाने के बाद निगम प्रशासन ने कार्रवाई का निर्णय लिया।
लोगों ने की कार्रवाई की सराहना
स्थानीय लोगों ने लंबे समय बाद हुई इस सख्त कार्रवाई का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि शहर में प्रशासन की सक्रियता और आईएएस अधिकारी की कार्यशैली सराहनीय है। नागरिकों को उम्मीद है कि यदि इसी तरह लगातार अभियान चलाया गया तो शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और शहर की सुंदरता भी बढ़ेगी।
निगम ने दी चेतावनी
नगर निगम अधिकारियों ने साफ कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा करने और फुटपाथ पर दुकान लगाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन ने लोगों से नियमों का पालन करने और सड़क व फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करने की अपील की है।









