कोरबा/पसान। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र पसान में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने चरित्र पर शक के चलते अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पत्नी पर डंडे से ताबड़तोड़ वार किए और उसका सिर दीवार पर पटक दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मुर्गा-भात की दावत के बाद हुआ खूनी विवाद
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम साजाकछार सारिसमार निवासी प्रार्थी नन्नू कूजूर ने बताया कि 9 मार्च की रात वह अपने चाचा राजूलाल कूजूर के घर मुर्गा-भात खाने गया था। भोजन करने के बाद वह अपने घर लौट आया। इसी दौरान देर रात राजूलाल और उसकी पत्नी उर्मिला बाई के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर राजूलाल ने लकड़ी के बहिंगा (डंडे) से उर्मिला के सिर पर कई वार कर दिए। इसके बाद उसने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए पत्नी का सिर दीवार पर पटक दिया। गंभीर चोट लगने से उर्मिला बाई की मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह खुद ही दी घटना की जानकारी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रात भर घर में ही मौजूद रहा। अगले दिन सुबह करीब 7 बजे उसने खुद ही परिजनों को घटना की जानकारी दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उर्मिला बाई का शव लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा था और घर की दीवार पर भी खून के निशान दिखाई दे रहे थे।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर के निर्देश पर थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम (FSL) टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू की।
पूछताछ के दौरान आरोपी राजूलाल कूजूर (37 वर्ष) ने स्वीकार किया कि उसने चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी की हत्या की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।









