Wednesday, August 26, 2026

कोरबा में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर; पिता-पुत्र की मौत

कोरबा। जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र के खोरडी मोड़ के पास मंगलवार शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता और बेटे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

गेवरा की ओर जा रहे थे तीनों

जानकारी के अनुसार, ग्राम सराईसिंगार निवासी फूल सिंह, उनके बेटे नरसिंह सिंह और यशवंत सिंह बाइक क्रमांक CG 12 BJ 5644 से गेवरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खोरडी मोड़ के पास सामने से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक CG 12 BA 2420 ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार कि बाइक के परखच्चे उड़े

हादसा इतना भीषण था कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर से दोनों वाहनों के सामने का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ। हादसे में फूल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नरसिंह सिंह और यशवंत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में बेटे ने भी तोड़ा दम

घटना की सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान नरसिंह सिंह ने भी दम तोड़ दिया।

इस हादसे में पिता फूल सिंह और उनके बेटे नरसिंह सिंह की मौत हो गई, जबकि यशवंत सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।