कोरबा। जिले के दर्री और सिविल लाइन (एमपी नगर) थाना क्षेत्रों में घरों के बाहर और अंदर खड़े वाहनों से पार्ट्स चोरी करने व तोड़फोड़ की लगातार घटनाएं सामने आ रही हैं। इन घटनाओं के बाद क्षेत्रवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है। राहत की बात यह है कि चोरों की हरकतें सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
दर्री थाना क्षेत्र में बुलेट बाइक को बनाया निशाना
पहली घटना दर्री थाना क्षेत्र के एचटीपीएस आवासीय परिसर स्थित अलखनंदा विहार की है। यहां मकान क्रमांक एफ-9 में रहने वाले अजय राय के घर के आंगन में खड़ी बुलेट बाइक से देर रात करीब 1 बजे अज्ञात चोरों ने नंबर प्लेट, हेडलाइट, हॉर्न सहित कई महंगे पार्ट्स चोरी कर लिए। पास में स्थित एक ऑटो पार्ट्स दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में तीन संदिग्ध युवक चोरी करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने इस संबंध में दर्री थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एमपी नगर में कार से हेडलाइट निकालने की कोशिश
दूसरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एमपी नगर और निहारिका इलाके की है। यहां घरों के बाहर खड़े वाहनों से पार्ट्स चोरी करने और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। सीसीटीवी फुटेज में दो युवक एक कार की हेडलाइट निकालते हुए नजर आ रहे हैं। बताया गया कि जैसे ही गाड़ी का सायरन बजा, आरोपी हेडलाइट वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। इस मामले में भी पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश जारी
लगातार हो रही वाहन चोरी और तोड़फोड़ की घटनाओं से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।









