कोरबा। कोरबा वन मंडल के पसरखेत क्षेत्र में कोरबा-हाटी मुख्य सड़क पर शनिवार को करीब 14 फीट लंबा विशाल किंग कोबरा दिखाई देने से लोगों में हड़कंप मच गया। सड़क किनारे नाले के पास झाड़ियों से निकलकर किंग कोबरा सड़क पार कर रहा था। इसे देखकर वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां रोक दीं, जिससे कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही वन मंडल अधिकारी प्रेमलता यादव के निर्देश पर और उप वन मंडल अधिकारी सूर्यकांत सोनी के मार्गदर्शन में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्प संरक्षण संस्था आरसीआरएस (रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी) की टीम को भी बुलाया गया। संस्था के अविनाश यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा के लिए घटनास्थल के चारों ओर लगभग 50 मीटर का घेरा बनाया गया।
भारी बारिश के बीच वन विभाग और आरसीआरएस की संयुक्त टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद किंग कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास के समीप जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीव दिखाई देने पर उनसे दूरी बनाए रखें और तत्काल विभाग को सूचना दें।









