कोरबा, 19 अप्रैल 2025 — रामपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक फूल सिंह राठिया के लेटर पैड का फर्जी उपयोग कर 20 लाख रुपये की राशि डीएमएफ (जिला खनिज न्यास निधि) से स्वीकृत कराने का मामला सामने आया है। इस पूरे मामले की जानकारी विधायक प्रतिनिधि प्रवीण ओगरे ने पुलिस को दी और तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
विधायक प्रतिनिधि के अनुसार, यह फर्जीवाड़ा उस वक्त उजागर हुआ जब संबंधित विभाग ने हस्ताक्षर सत्यापन के लिए पत्र भेजा। जांच में पता चला कि विधायक या उनके कार्यालय की ओर से कोई आवेदन नहीं किया गया था। फर्जी लेटर पैड बनाकर चांपा रोड, कनकी और सदुकला रोड के लिए आवेदन दिया गया था।
सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि विधायक के नाम से कोरबा कलेक्टोरेट में फर्जी लेटर के आधार पर स्वीकृति के लिए आवेदन किया गया था। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
गौरतलब है कि डीएमएफ फंड के दुरुपयोग के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं, जिन पर जांच एजेंसियों द्वारा कार्यवाही की जा रही है। अब देखना यह होगा कि इस ताजा मामले के बाद जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।









