कोरबा। शहर के डी.डी.एम. स्कूल रोड स्थित सिंधी कॉलोनी में अवैध रेत भंडारण को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। रहवासियों का आरोप है कि रिहायशी इलाके में नियमों को ताक पर रखकर धड़ल्ले से रेत डंप की जा रही है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
बंद प्लॉट और स्कूल के सामने जमा की जा रही रेत
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, कॉलोनी के एक बंद प्लॉट में, जिसकी चारों ओर लगभग 10 फीट ऊंची दीवार बनी हुई है, पिछले कई दिनों से अवैध रूप से रेत का भंडारण किया जा रहा है। इसके अलावा, डी.डी.एम. स्कूल के ठीक सामने स्थित एक अन्य प्लॉट में भी भारी मात्रा में रेत जमा की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कथित रूप से दिलीप और उसके पुत्र लकी द्वारा इस रेत का भंडारण कराया जा रहा है।
स्कूली बच्चों और राहगीरों के लिए बढ़ा खतरा
यह पूरा क्षेत्र आवासीय है, जहां आसपास कई घनी कॉलोनियां स्थित हैं। इसी मुख्य मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चे, ट्यूशन जाने वाले छात्र-छात्राएं और आम नागरिक गुजरते हैं।
प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की गुहार
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इससे पहले भी इस क्षेत्र में कई बार रेत का अवैध भंडारण किया जा चुका है, लेकिन समय पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण ऐसे तत्वों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। नागरिकों ने जिला प्रशासन, खनिज विभाग और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की तुरंत जांच की जाए और अवैध रेत भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनी रहे।









