Saturday, April 4, 2026

कोल इंडिया चेयरमैन बी. साईंराम का SECL दौरा, कुसमुंडा मेगाप्रोजेक्ट का लिया जायजा

कोरबा। कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन बी. साईंराम तीन दिवसीय दौरे पर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) पहुंचे। दौरे के पहले चरण में वे रायपुर एयरपोर्ट से सीधे गेवरा हाउस पहुंचे, जहां से उन्होंने कुसमुंडा मेगाप्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान SECL के सीएमडी हरिश दुहन भी उनके साथ मौजूद रहे।

दौरे के दौरान चेयरमैन ने नीलकंठ साकार व्यू पॉइंट से खदान का अवलोकन किया और माइन प्लान, चालू वित्त वर्ष के उत्पादन लक्ष्य, मूल्यांकन रणनीति तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने खनन कार्यों की प्रगति और संचालन व्यवस्था की जानकारी ली।

इसके बाद बी. साईंराम ने एनआईएमएल (NIML) पैच का दौरा कर खनन गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एफएमसी (FMC) सिस्टम, साइलो के उपयोग, डिस्पैच प्रक्रिया और भविष्य की कोयला निकासी योजनाओं की समीक्षा की। कुसमुंडा व्यू पॉइंट पर भी उन्होंने समग्र परिचालन व्यवस्था का आकलन किया।

दौरे के दौरान चेयरमैन ने विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कार्यकुशलता बढ़ाने और उत्पादन लक्ष्य हासिल करने के लिए सभी को प्रेरित किया।

यह दौरा SECL के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें उत्पादन बढ़ाने और आधुनिक तकनीकों के बेहतर उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।