
बिलासपुर में सोमवार को रणजी क्रिकेट प्लेयर अमित मिश्रा के घर में घुसकर पड़ोसी युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। रॉड, फावड़ा और डंडे लेकर घुसे युवकों ने उनके माता-पिता, छोटे भाई, उसकी गर्भवती पत्नी और अमित की पत्नी पर हमला किया। सभी को गंभीर हालत में अपोलो अस्पताल और CIMS में भर्ती कराया गया है।
सोमवार की सुबह जब पड़ोसियों ने हमला किया, तब अमित अहमदाबाद में थे। वहां रणजी का कैंप चल रहा है। उनकी पत्नी ने उन्हें फोन से हमले की जानकारी दी। तब अमित कैंप छोड़कर तत्काल बिलासपुर के लिए रवाना हो गए और रात में घर पहुंचे। खास बात यह है कि पुलिस ने सिर्फ साधारण मारपीट की धाराओं में FIR दर्ज की। हालांकि बाद में हत्या के प्रयास में मामला दर्ज करने की बात कही है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
पुताई को लेकर शुरू हुआ विवाद
सरकंडा के कृष्णा विहार कॉलोनी निवासी रणजी प्लेयर अमित मिश्रा के पड़ोसी गंगाधर मिश्रा अपने घर की पुताई करा रहे हैं। सोमवार सुबह गंगाधर मिश्रा उनके घर पहुंच गए। इस दौरान उसने अमित के पिता चंद्रिका प्रसाद से कहा कि उनके घर की तरफ की दीवार पर पुताई कराना है। इस पर चंद्रिका प्रसाद ने पूजा, पाठ करने और घर का कामकाज निपटाने के बाद पुताई करने की बात कही। आरोप है कि मना करने पर गंगाधर मिश्रा, उनका भाई, दो बेटे और अन्य दोस्त उनके घर में घुस गए और गाली-गलौज करने लगे।







