Sunday, April 12, 2026

गर्ल्स आईटीआई कॉलेज में घुसा 10 फीट लंबा अजगर, रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित पकड़ा

कोरबा। शहर के रामपुर स्थित गर्ल्स आईटीआई कॉलेज परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब बीती रात करीब 10 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखते ही छात्राओं और कॉलेज स्टाफ में दहशत फैल गई, जिसके बाद तुरंत रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही RCRS (रेस्क्यू टीम) के सदस्य उमेश यादव और सौम्या पाण्डेय मौके पर पहुंचे। अजगर झाड़ियों के बीच छिपा हुआ था, जिससे उसे पकड़ना काफी चुनौतीपूर्ण था। टीम ने पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। पकड़े गए अजगर को बाद में सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया।

जानकारी के अनुसार, कुछ छात्राएं रात के समय कॉलेज परिसर में टहल रही थीं, तभी उनकी नजर अचानक इस विशालकाय अजगर पर पड़ी। इसके बाद कॉलेज में सतर्कता बढ़ा दी गई और सभी को सुरक्षित स्थान पर रहने के निर्देश दिए गए।

रेस्क्यू टीम ने बताया कि गर्मी के मौसम में सांप अक्सर पानी और ठंडी जगह की तलाश में रिहायशी इलाकों की ओर रुख कर लेते हैं। ऐसे में लोगों को घबराने के बजाय तुरंत वन विभाग या रेस्क्यू टीम को सूचना देनी चाहिए।

इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कॉलेज परिसर में मौजूद छात्राओं और स्टाफ ने राहत की सांस ली और टीम के कार्य की सराहना की।