बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडी नगर पंचायत में कर्मचारियों के बीच विवाद का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सफाई कार्य के दौरान हुए विवाद में एक ट्रैक्टर चालक ने कथित तौर पर दो सफाई कर्मचारियों पर टंगिया से हमला कर दिया। हमले में दोनों कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घटना डौंडी थाना क्षेत्र के बाजार चौक की बताई जा रही है।
सफाई के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह नगर पंचायत के कर्मचारी सफाई कार्य में जुटे हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कर्मचारियों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ट्रैक्टर चालक गिरवर देवहारी ने कथित तौर पर टंगिया से दो सफाई कर्मचारियों पर हमला कर दिया।
हमले में रम्हू भुआर्य (50 वर्ष) और प्रेमलाल भुआर्य (45 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
घटना के बाद दोनों घायल सफाई कर्मचारियों को तत्काल डौंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल दोनों की हालत और विवाद की वास्तविक वजह को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
आरोपी ट्रैक्टर चालक हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक गिरवर देवहारी को हिरासत में लेकर थाने में पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों द्वारा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और हमला किन परिस्थितियों में हुआ, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट हो सकेगा।











