कोरबा। चांपा-फरसवानी मार्ग पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब कोरबा निवासी सोनी परिवार शादी समारोह से लौट रहा था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार कोरबा से चांपा शादी कार्यक्रम में शामिल होने आया था और रात करीब 2 बजे वापस लौट रहा था। इसी दौरान फरसवानी टोल नाका के आगे उनकी कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी हाइवा में जा घुसी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। हादसे में मोंगरा सोनी (45), देवेंद्र सोनी (22) और 2.5 वर्षीय मासूम प्रियांश की मौत हो गई। घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल चांपा लाया गया।
घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दो अन्य की स्थिति सामान्य है। सभी का इलाज जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है—कुछ को बीडीएम अस्पताल चांपा और अन्य को जिला अस्पताल जांजगीर में रखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।









