
रायपुर। छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर स्वच्छता में बाजी मारी है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को स्वच्छता अवॉर्ड का पुरस्कार देकर सम्मानित किया। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ अमृत महोत्सव में ये अवॉर्ड दिया गया है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ लगातार तीसरी बार स्वच्छता में नम्बर एक में है इससे पहले साल 2019 और 2020 स्वच्छता के लिए प्रदेश को सम्मानित किया गया है। प्रदेशवासियों को ट्वीट कर दी बधाई सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट कर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। सीएम ने ट्वीट कर लिखा- “बात है अभिमान की! आप सबको बधाई, छत्तीसगढ़ को स्वच्छ अमृत महोत्सव कार्यक्रम में सबसे स्वच्छ राज्य श्रेणी में आज पुरस्कृत किया गया है. आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद जी के हाथों यह अवार्ड ग्रहण किया.” नई दिल्ली में पुरस्कार ग्रहण करने मुख्यमंत्री के साथ ही शहरी विकास मंत्री शिव कुमार डहरिया, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, विभाग की सचिव अलरमेलमंगई डी, आवासीय आयुक्त एम गीता, स्वच्छ भारत मिशन के डायरेक्टर सौमिल रंजन चौबे समारोह में शामिल हुए।









