रायपुर से सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने प्रदेश के कर्मचारियों को सप्ताह में कुछ दिन “वर्क फ्रॉम होम” की सुविधा देने की मांग उठाई है। इस संबंध में फेडरेशन ने विष्णुदेव साय और मुख्य सचिव को पत्र भेजा है।
फेडरेशन का कहना है कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती खपत और ईंधन बचत को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की जा सकती है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ईंधन बचाने की अपील की थी। इसके बाद प्रदेश में कई मंत्रियों ने अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम कर दी है।
संघ ने अपने पत्र में तर्क दिया है कि रायपुर से नया रायपुर स्थित मंत्रालय और अन्य सरकारी कार्यालयों तक रोज हजारों कर्मचारी आवागमन करते हैं, जिससे बड़ी मात्रा में पेट्रोल-डीजल की खपत होती है। फेडरेशन का कहना है कि सरकार पहले ही ई-ऑफिस और डिजिटल सिस्टम लागू कर चुकी है, ऐसे में कई काम घर से भी किए जा सकते हैं।
कर्मचारी संगठनों का दावा है कि वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था लागू होने से ईंधन की बचत होगी, प्रदूषण कम होगा और कर्मचारियों को भी आर्थिक राहत मिलेगी। अब इस मांग पर सरकार क्या फैसला लेती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।







