रायपुर.छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी पड़ रही है। मंगलवार को बीजापुर-तेलंगाना बॉर्डर पर लू से एक मजदूर की मौत हो गई। वह मिर्ची तोड़ने के लिए तेलंगाना गया था। मौसम विभाग ने 3 दिनों तक सरगुजा संभाग, रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के 11 जिलों में लू चलने का यलो अलर्ट जारी किया है।
मंगलवार को प्रदेश में सबसे गर्म रायपुर रहा। यहां दिन का पारा 44.4 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में हालात लू जैसे रहे। इस वजह से दोपहर में राजधानी के गली मोहल्ले तो दूर बाजार की सड़कें भी सूनी हो गईं थी। जीई रोड जहां 24 घंटे में सवा लाख से ज्यादा गाड़ियां गुजरती हैं, लेकिन वहां इक्का-दुक्का गाड़ियां ही चल रही थी।
वहीं सरकार ने बढ़ती गर्मी के कारण 25 अप्रैल से 15 जून 2025 तक स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। भीषण गर्मी और लू के कारण छात्रों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव और खतरे को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी किया है। यह आदेश सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा।







