Sunday, November 22, 2026

छत्तीसगढ़ में 3 सड़क हादसों में 4 की मौत: कोरबा में ट्रक-ट्रेलर ने 3 लोगों को कुचला, बलरामपुर में भाजपा नेता की गई जान

कोरबा के कुसमुंडा में बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गई।कोरबा। प्रदेश में बुधवार को हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। कोरबा जिले में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में ट्रक और ट्रेलर की चपेट में आने से तीन लोगों की जान चली गई। वहीं, बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पिलर से टकरा गई, जिससे भाजपा नेता की मौत हो गई। तीनों घटनाओं के बाद संबंधित थाना क्षेत्रों की पुलिस जांच में जुटी है।

केस-1: कुसमुंडा में बाइक-स्कूटी की टक्कर के बाद ट्रक ने कुचला, युवक-युवती की मौत

कोरबा के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन सवार सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने युवक और युवती को कुचल दिया।

हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। अधिक खून बहने के कारण युवती ने भी दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने पर डायल-112, एंबुलेंस और कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक स्थानीय क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां भारी वाहनों की आवाजाही काफी अधिक रहती है।

केस-2: उरगा चौक पर ट्रेलर ने बुजुर्ग को कुचला, CCTV में कैद हुआ हादसा

कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र में दूसरा हादसा उरगा चौक के पास हुआ। सेमीपाली निवासी कृति नायडू (लगभग 65 वर्ष) मंगलवार को ATM और निजी काम से उरगा चौक आए थे। काम पूरा करने के बाद वे स्कूटी से अपने गांव लौट रहे थे।

इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बुजुर्ग सड़क पर गिर गए और ट्रेलर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दुर्घटना की भयावहता दिखाई दे रही है। घटना के बाद चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर लिया है।

CSP प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 60 से 65 वर्ष थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।

केस-3: बलरामपुर में भाजपा नेता की बाइक पिलर से टकराई, रास्ते में तोड़ा दम

तीसरी घटना बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सनावल थाना क्षेत्र की है। ग्राम कुंडपान के सरपंच पति और भाजपा नेता देवधारी सिंह (35) मंगलवार देर रात करीब 2 बजे रामानुजगंज से अपने गांव लौट रहे थे।

इसी दौरान गांव में लाल बिहारी गुरुजी के घर के पास मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पिलर से जा टकराई। हादसे में उनके सिर और जांघ में गंभीर चोटें आईं।

स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए डिंडो अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें वाड्रफनगर रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

भाजपा नेताओं ने जताया दुख

देवधारी सिंह के निधन की खबर से ग्राम कुंडपान और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। भाजपा नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर दुख जताते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।