Friday, May 1, 2026

छत्तीसगढ़ में ACB का बड़ा एक्शन: कोरबा में विद्युत विभाग का AE 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, अंबिकापुर में RI को 4 साल की सजा

कोरबा/ छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोरबा जिले में विद्युत विभाग के एक असिस्टेंट इंजीनियर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। वहीं, अंबिकापुर में जमीन संबंधी कार्य के बदले घूस मांगने वाले रेवेन्यू इंस्पेक्टर को कोर्ट ने 4 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।

कोरबा में ट्रांसफार्मर के नाम पर रिश्वत

पहला मामला कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र का है। ग्राम रलिया निवासी किसान श्यामता टंडन ने अपने खेत में ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए विद्युत विभाग में आवेदन किया था। आरोप है कि विद्युत विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर सत्येंद्र दिवाकर ने ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर चालान शुल्क के अलावा 80 हजार रुपए रिश्वत की मांग की।

पीड़ित किसान पहले ही आरोपी को 30 हजार रुपए दे चुका था, लेकिन शेष 50 हजार रुपए देने से इंकार कर उसने बिलासपुर स्थित एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने 28 जनवरी को ट्रैप कार्रवाई की। जैसे ही किसान ने आरोपी को 50 हजार रुपए दिए, टीम ने उसे मौके पर रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद की गई है।

डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

अंबिकापुर में RI को 4 साल की सजा

दूसरा मामला सरगुजा जिले के अंबिकापुर का है। कृष्णानगर निवासी अर्चना खाखा ने वर्ष 2020 में एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि जमीन का नक्शा कटवाने और रिकॉर्ड दुरुस्त करने के बदले रेवेन्यू इंस्पेक्टर राजबहादुर सिंह ने 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी।

एसीबी ने 7 अगस्त 2020 को ट्रैप कार्रवाई कर आरोपी को 8 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। जांच पूरी होने के बाद मामला विशेष न्यायालय में चला। सुनवाई के बाद 28 जनवरी 2026 को न्यायालय ने आरोपी को 4 साल के कठोर कारावास और 5 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई।

ACB का सख्त संदेश

एंटी करप्शन ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में रिश्वतखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ACB ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो उसकी सूचना तत्काल ACB कार्यालय को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।