रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने को भारत सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड (NSIL) में स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया गया है। NSIL भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) की वाणिज्यिक शाखा है। इस नियुक्ति को छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय बताया जा रहा है।
एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की योग्यता के आधार पर नियुक्ति
जानकारी के मुताबिक, नलिनीश ठोकने ने एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग में A.M.A.E.S.I. की पढ़ाई की है। भारत सरकार ने उनकी शैक्षणिक योग्यता को ध्यान में रखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।
बताया गया है कि A.M.A.E.S.I. संस्था के संरक्षक प्रधानमंत्री होते हैं। इसके प्रथम संरक्षक पंडित जवाहरलाल नेहरू थे, जबकि वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके संरक्षक हैं।
2003 से भाजपा के मीडिया विभाग में सक्रिय
नलिनीश ठोकने वर्ष 2003 से भाजपा के मीडिया विभाग में सदस्य के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश मीडिया विभाग में प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाली है। वर्तमान में वे भाजपा प्रदेश प्रवक्ता के रूप में पार्टी का पक्ष रखते हैं।
रायपुर और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में निभाई अहम भूमिका
ठोकने ने रायपुर उत्तर विधानसभा चुनाव में संयोजक के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई थी। इसके अलावा महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान तुलजापुर विधानसभा क्षेत्र में भी उन्होंने पार्टी के लिए अहम भूमिका निभाई।
भाजपा नेताओं ने दी बधाई और शुभकामनाएं
NSIL में स्वतंत्र निदेशक के रूप में नियुक्ति मिलने पर भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग के पदाधिकारियों और प्रवक्ताओं ने खुशी जताई है। पार्टी ने उनकी सेवा, अनुभव और शैक्षणिक योग्यता के आधार पर मिली इस जिम्मेदारी पर उन्हें बधाई दी है।
इस नियुक्ति को स्पेस सेक्टर में छत्तीसगढ़ से जुड़ी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में पेश किया जा रहा है।









