बेमेतरा। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढारा में हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कलयुगी छोटे भाई ने आपसी विवाद के चलते अपने बड़े भाई की गैती से हमला कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 25 वर्षीय प्रदीप साहू के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने गुस्से में आकर बड़े भाई पर गैती से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल प्रदीप साहू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई और साक्ष्य जुटाए गए। हत्या में प्रयुक्त गैती को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में दोनों भाइयों के बीच आपसी विवाद को ही हत्या की मुख्य वजह बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को मौके से गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।






