Thursday, March 19, 2026

जादू-टोने के शक में हत्या:बिलासपुर में बच्चे की तबीयत बिगड़ी तो पड़ोसी दंपती को लाठी और रॉड से अधमरा होने तक पीटा

छत्तीसगढ़ में जादू-टोने के शक में एक अधेड़ की हत्या कर दी गई। बिलासपुर के एक परिवार में बच्चे की तबीयत बिगड़ गई थी। बच्चे के परिजनों ने पड़ोसी दंपती पर जादू-टोना करने का आरोप लगाकर लाठी और रॉड से जमकर पीटा। इसमें पति-पत्नी घायल हो गए थे। अब इलाज के दौरान शुक्रवार को पति की मौत हो गई है। मामला जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के पेंड्री गांव का है।

खोलूराम (50) रोजी मजदूरी करता था। वह 26 सितंबर की रात आठ बजे परिवार के साथ घर में ही था। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले सोहराब भास्कर के बेटे की तबीयत खराब थी। इस पर सोहराब का भाई विवेक भास्कर वहां आकर जादू टोने की बात कहते हुए खोलूराम और उनकी पत्नी से गाली-गलौज करने लगा। खोलूराम ने अपनी पत्नी देवकुमारी के साथ बाहर निकलकर विवेक को टोका तो विवेक के साथ उसका भाई अजय, अप्पू और पिता संतू भी आ गए। उनके घर की महिलाएं भी वहां पहुंच गईं। सभी ने खोलूराम से मारपीट शुरू कर दी। उसे डंडे और रॉड से पीटा। खोलूराम की पत्नी देवकुमारी बीच बचाव करने लगी तो उसके साथ भी मारपीट की। मारपीट के दौरान आरोपी पक्ष का अजय भी घायल हुआ था। खोलूराम के परिवार ने आरोपियों के खिलाफ थाने में केस दर्ज कराया है।

हालत बिगड़ने पर रायपुर भेजा गया

खोलूराम को रायपुर रेफर किया गया था। रायपुर में इलाज के दौरान शुक्रवार को घायल खोलूराम की मौत हो गई। इसकी सूचना पर पुलिस की टीम ने गांव में जाकर घटना के संबंध में जानकारी ली। इधर, पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी गांव से फरार हो गए। पुलिस ने अब इस मामले में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।