Thursday, March 12, 2026

जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली कराया गया, जांच जारी

राजनांदगांव। जिला न्यायालय को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह धमकी न्यायालय की शासकीय ई-मेल आईडी पर भेजी गई, जिसकी जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तत्काल अलर्ट मोड पर आ गईं।

धमकी की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और एहतियातन पूरे न्यायालय परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया। वकीलों, न्यायालय कर्मचारियों और आम नागरिकों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बम स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को बुलाया गया, जो न्यायालय परिसर में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिए हैं। फिलहाल धमकी भरे ई-मेल की जांच की जा रही है और धमकी देने वाले की पहचान के प्रयास जारी हैं। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है, वहीं प्रशासन और पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।