कोरबा.फ्लोरा मैक्स कंपनी की कथित धोखाधड़ी और प्रताड़ना के खिलाफ हजारों महिलाएं तानसेन चौक पर इकट्ठा होकर अपना गुस्सा जाहिर कर रही हैं। बीते सात दिनों से महिलाएं लगातार धरने पर बैठी हुई हैं, लेकिन प्रशासन और कंपनी प्रबंधन की चुप्पी ने महिलाओं के आक्रोश को और बढ़ा दिया है। शुक्रवार को महिलाओं ने तानसेन चौक पर जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी आवाज बुलंद की।

क्या है मामला?
महिलाओं का आरोप है कि फ्लोरा मैक्स कंपनी ने उन्हें अपने उत्पाद खरीदने और योजनाओं में निवेश करने के लिए प्रेरित किया था। कंपनी ने मुनाफे और रोजगार का लालच देकर महिलाओं से बड़ी रकम वसूल ली, लेकिन समय पर मुनाफा न लौटाने और उत्पादों की गुणवत्ता में खामियां सामने आने के बाद महिलाओं ने कंपनी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।

धरने का सातवां दिन
पिछले सात दिनों से महिलाएं तानसेन चौक पर धरने पर बैठी हैं। हर उम्र की महिलाएं, जिनमें गृहिणियां, छात्राएं और कामकाजी महिलाएं शामिल हैं, अपनी बात को रखने के लिए संघर्ष कर रही हैं। महिलाएं हाथों में तख्तियां और बैनर लिए, “फ्लोरा मैक्स बंद करो”, “हमें न्याय चाहिए”, जैसे नारे लगा रही हैं।