दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से कोबरा बटालियन के 4 जवानों की मौत, एक गंभीर

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिला में शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में 4 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी पांच जवान कोबरा बटालियन के थे और रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार जवानों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना क्षेत्र पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायल जवान को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस के मुताबिक हादसे के समय सड़क पर अन्य वाहन भी मौजूद थे, लेकिन तेज रफ्तार और ट्रक चालक के नियंत्रण खो देने के कारण यह भीषण दुर्घटना हुई। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा चालक की लापरवाही से हुआ या वाहन में किसी तकनीकी खराबी के कारण। मामले की विस्तृत जांच जारी है।