Thursday, August 20, 2026

देश में 22 जगहों पर CBI-ED की रेड:बिहार में 5 राजद नेताओं के घर CBI का छापा

CBI और ED की टीमें बुधवार को देश में 22 ठिकानों पर छापे मार रही है। CBI की टीमों ने बिहार में राजद के 5 नेताओं के घर छापा मारा। यह मामला जमीन के बदले रेलवे में रोजगार घोटाले से जुड़ा है। राजद ने बिहार में फ्लोर टेस्ट से ठीक पहले पड़े इन छापों पर सवाल उठाया है।

उधर, ED ने खनन घोटाले में एक्शन लिया है। झारखंड में रांची, दिल्ली और तमिलनाडु में 17 जगहों पर ED की रेड जारी है। झारखंड के CM हेमंत सोरेन के करीबी रहे प्रेम प्रकाश के रांची स्थित ठिकानों पर ED छानबीन कर रही है।

अपडेट्स…

  • पूर्व RJD विधायक अबू दोजाना पर भी CBI की रेड पड़ी है। दोजाना RJD के फाइनेंसर हैं। जिस मॉल के तेजस्वी का होने का आरोप है, उसका कंस्ट्रक्शन दोजाना की कंपनी कर रही है।
  • भागलपुर के पूर्व डिप्टी मेयर राजेश वर्मा के घर पर इनकम टैक्स ने छापा मारा।
  • बिहार भाजपा नेता अशोक सिन्हा ने कहा कि ये लोग राजनेता ही इसलिए बने ताकि अपनी करतूतें छिपा सकें।

बिहार: लालू के करीबियों के घर ED का छापा
CBI की टीम सुबह 8 बजे RJD के राज्यसभा सांसद अशफाक करीम, राज्यसभा सांसद फैयाज अहमद और RJD के कोषाध्यक्ष और MLC सुनील सिंह के घर पहुंची। छापे के दौरान सुनील सिंह अपने घर की बालकनी में नजर आए। सुनील और उनकी पत्नी ने छापों को बदले की कार्रवाई बताया है। सुनील सिंह ने कहा कि मुझे बाहर कर दिया है और मेरे घर में घुस गए।

राजद ने कहा कि बिहार में फ्लोर टेस्ट से पहले केंद्र सरकार ये सारे छापे जानबूझकर करवा रही है। ये सब भाजपा के इशारे पर हो रहा है। हम बिहारी हैं। टिकाऊ हैं, बिकाऊ नहीं।

लालू की बेटी भड़कीं: लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने ने CBI की कार्रवाई पर भाजपा का नाम लिए बगैर कहा- ये बलात्कारी पार्टी है। फ्लोर टेस्ट के पहले ही नीचता पर आ गई है। अपने पोसुआ (पालूत जानवर) को डराने के लिए भेजा है।

CBI ने 3 महीने पहले दर्ज की थी FIR: CBI ने तीन महीने पहले केस दर्ज किया था। इसके बाद राबड़ी आवास पर छापेमारी की गई थी। इसमें तेजस्वी यादव के कमरे से कई दस्तावेज सामने आने की बात कही गई थी। इस छापेमारी के बाद ही लालू यादव के सबसे करीबी माने जाने भोला यादव को गिरफ्तारी किया था। भोला यादव से पूछताछ के बाद सीबीआई की यह कार्रवाई शुरू हो रही है।