धर्म परिवर्तन को लेकर तनाव, तीन परिवारों को गांव से किया गया बाहर, 13 लोग हुए बेघर

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के अमाबेड़ा क्षेत्र अंतर्गत अलनार गांव में धर्म परिवर्तन को लेकर तनाव की स्थिति निर्मित हो गई है। गांव के कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर धर्म परिवर्तन करने वाले तीन परिवारों को गांव से बाहर निकाल दिए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलनार गांव के तीन परिवारों ने हाल ही में अपना धर्म परिवर्तन किया था। बताया जा रहा है कि गांव में आयोजित पारंपरिक ‘माता पहुंचानी’ कार्यक्रम में इन परिवारों ने भाग लेने से इनकार कर दिया, जिसके बाद गांव के कुछ लोगों ने नाराजगी जताई। आरोप है कि इसी बात को लेकर गांव वालों ने तीनों परिवारों को गांव से बाहर निकाल दिया।

सूत्रों के मुताबिक, ग्रामीणों ने कथित तौर पर इन परिवारों के घरों से उनका घरेलू सामान बाहर फेंक दिया और घरों में ताले जड़ दिए। इस घटना के बाद तीनों परिवारों के कुल 13 सदस्य बेघर हो गए हैं। बताया जा रहा है कि परिवारों को गांव छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा और वे जंगल के आसपास भटकने को विवश हैं। फिलहाल उनके पास रहने के लिए कोई स्थायी ठिकाना नहीं है।

इस घटना के सामने आने के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। मामले की जानकारी प्रशासन और पुलिस को मिलने की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्थिति किसी भी समय बिगड़ सकती है, ऐसे में प्रशासनिक हस्तक्षेप जरूरी है।

वहीं, पीड़ित परिवारों ने सुरक्षा और पुनर्वास की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस संवेदनशील मामले में क्या कदम उठाता है और गांव में शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए क्या कार्रवाई की जाती है।