रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत डीपीएस स्कूल के पास हुई, जहां धान से लदा एक ट्रक चलती कार के ऊपर पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक और कार दोनों बलौदाबाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक का पट्टा (हुक/लॉकिंग सिस्टम) अचानक टूट गया। पट्टा टूटते ही ट्रक अनियंत्रित होकर बगल से गुजर रही कार पर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दुर्घटना में कार में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अन्य घायलों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया। क्रेन की मदद से ट्रक को हटाकर कार को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रक के लॉकिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी सामने आ रही है। वहीं, हादसे के बाद कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।







