Saturday, September 26, 2026

नदी किनारे में मिली शख्स की अर्धनग्न लाश, महुआ शराब और डबल वाइफ में अटकी शक की सुई

कोरबा: कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जेन्जरा के आश्रित ग्राम पतरापाली में अहिरन नदी के किनारे आज सुबह एक संदिग्ध अवस्था में लाश मिलने से हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची. लाश को कब्जे में लेकर तफ्तीश कर रही है. कत्ल या कुछ और को लेकर हर एंगल से पुलिस तहकीकात कर रही है.

दरअसल, अहिरन नदी के किनारे ग्राम कसरेंगा निवासी होरी लाल यादव की लाश मिली है. स्थानीय लोगों ने इसकी तत्काल सूचना कटघोरा पुलिस को दी. कटघोरा एसआई मन्तुराम पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. मौके पर देखा कि लाश के करीब एक मोटर साइकिल भी पड़ी हुई थी और एक बैग भी मिला.

मृतक के भाइयों ने बताया कि होरीलाल शनिवार को इलाज करने के लिए घर से निकला था, जो कि रविवार तक घर नहीं आया. इसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना में जाकर लिखाने वाले थे, लेकिन सुबह जानकारी मिली कि होरीलाल यादव की लाश जेन्जरा के पतरापाली नदी किनारे पर मिली है.

जानकारी यह भी मिली कि मृतक होरीलाल यादव की दूसरी पत्नी छुरी में रहती है. परिजनों ने होरीलाल यादव की मौत हत्या का संदेह जताया है. इसके साथ ही वहां पतरापाली अहिरन नदी के पास महुआ शराब बनाने का काम किया जाता है.

ऐसे में परिजन आशंका जता रहे हैं कि हो सकता है वहां पर किसी विवाद को लेकर यह घटना घटित हुई होगी या छुरी निवासी दूसरी पत्नी की ओर से किसी प्रकार से वाद-विवाद हुआ होगा. इस वजह से हत्या की घटना हो सकती है.

फिलहाल कटघोरा पुलिस ने लाश का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस हत्या की गुत्थी को सुलझाने में पुलिस जुट गई है. फोरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है, जल्द खुलासा हो सकता है.