Friday, November 27, 2026

नर्स के भरोसे डिलीवरी, मृत पैदा हुआ नवजात; कुछ घंटे बाद मां की भी मौत: परिजनों का आरोप- बार-बार बुलाने पर भी नहीं पहुंचे डॉक्टर, रेफर करने से भी किया इनकार

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। पलारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में डिलीवरी के दौरान नवजात की मौत हो गई। इसके कुछ घंटे बाद प्रसूता वेदबाई साहू ने भी दम तोड़ दिया। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टर और नर्स पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बार-बार बुलाने के बावजूद डॉक्टर समय पर महिला को देखने नहीं पहुंचे। इतना ही नहीं, नवजात की मौत के बाद महिला को धमतरी रेफर करने की मांग भी कथित तौर पर अनसुनी कर दी गई।

20 नवंबर की सुबह लेबर पेन होने पर अस्पताल पहुंचे परिजन

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पलारी निवासी तीरथ साहू की पत्नी वेदबाई साहू को 20 नवंबर की सुबह करीब 5:30 बजे प्रसव पीड़ा हुई। इसके बाद पति तीरथ और ससुर महेश साहू उन्हें लेकर गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। सुबह करीब 6 बजे वेदबाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उस समय अस्पताल में नर्स कुमारी हेमलता ठाकुर मौजूद थीं। ससुर महेश साहू के मुताबिक, सुरक्षित प्रसव के लिए उन्होंने ग्रामीण चिकित्सा सहायक (RMA) सुनील कुमार देवांगन को कई बार फोन किया, लेकिन आरोप है कि वे महिला को देखने नहीं पहुंचे।

परिजनों का कहना है कि डॉक्टर ने पहले ही कह दिया था कि जरूरत पड़ने पर नर्स फोन करके उन्हें बुला लेगी। इसके बाद नर्स की देखरेख में ही डिलीवरी कराने की तैयारी की गई।

मृत पैदा हुआ नवजात, कुछ घंटे बाद मां की भी मौत

परिजनों के मुताबिक, सुबह करीब 8:50 बजे वेदबाई का प्रसव हुआ, लेकिन नवजात मृत पैदा हुआ। यह खबर सुनते ही परिवार के लोग घबरा गए। उन्होंने नवजात की जांच और प्रसूता के बेहतर इलाज के लिए दोनों को धमतरी ले जाने की बात कही।

आरोप है कि नवजात की मौत के बाद अस्पताल पहुंचे डॉक्टर ने वेदबाई की हालत सामान्य बताई और उसे तत्काल रेफर करने से इनकार कर दिया। बाद में महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे धमतरी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

पति की गुहार के बाद भी नहीं किया रेफर

वेदबाई के पति तीरथ राम साहू का आरोप है कि उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से कई बार कहा था कि यदि यहां इलाज संभव नहीं है तो उनकी पत्नी को धमतरी रेफर कर दिया जाए। इसके बावजूद अस्पताल के कर्मचारियों ने महिला की हालत सामान्य बताई।

परिजनों का सवाल है कि यदि समय रहते डॉक्टर उपलब्ध होते और बेहतर इलाज के लिए रेफर किया जाता, तो शायद मां और नवजात की जान बचाई जा सकती थी।

ससुर बोले- हंसते-खेलते अस्पताल लाए थे, लाश बनकर लौटी बहू

महेश साहू ने दर्द बयां करते हुए कहा कि वे अपनी बहू को हंसते-खेलते अस्पताल लेकर आए थे, लेकिन वहां से उसकी लाश लेकर लौटना पड़ा। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने जिम्मेदार डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

CMHO ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई

मामले में बालोद के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. जेएल उइके ने जांच कराने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस घटना ने ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों में प्रसव सुविधाओं, डॉक्टरों की उपलब्धता और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, परिजनों के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।