Tuesday, May 5, 2026

नितिन नबीन का भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना तय, आज भरेंगे नामांकन

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी को जल्द ही नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने जा रहा है। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। वे आज दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

पार्टी की ओर से जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, शाम 4 बजे से 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 5 बजे से 6 बजे तक नाम वापस लेने का समय निर्धारित किया गया है। यदि केवल एक ही नामांकन वैध पाया जाता है, तो चुनाव अधिकारी नितिन नबीन को निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर देंगे। वहीं, यदि एक से अधिक नामांकन आते हैं तो 20 जनवरी को मतदान कराया जाएगा।

BJP के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे नितिन नबीन

45 वर्षीय नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के साथ ही वे भाजपा के इतिहास में सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जाएंगे। इससे पहले यह रिकॉर्ड अमित शाह के नाम था, जिन्होंने 49 वर्ष की उम्र में पार्टी की कमान संभाली थी।

शीर्ष नेतृत्व रहेगा मौजूद

नामांकन प्रक्रिया के दौरान पार्टी के लगभग सभी मुख्यमंत्री, राज्य इकाइयों के अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता भाजपा मुख्यालय में मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और अन्य शीर्ष नेताओं की मौजूदगी की भी संभावना जताई जा रही है।

16 जनवरी को जारी हुआ था नोटिफिकेशन

भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 16 जनवरी को आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया था। इससे पहले 14 दिसंबर 2025 को नितिन नबीन को पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन के नेतृत्व में संगठन को नई दिशा देने, युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने और आगामी चुनावों की रणनीति तय करने पर विशेष फोकस रहेगा।