जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवक से 2 लाख रुपये लेने और रकम वापस मांगने पर झूठे आपराधिक मामले में फंसाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस मामले में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और पुलिस परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलर के रूप में कार्यरत पूजा राठौर पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करते हुए उन्हें परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर पद से हटा दिया है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय के जनदर्शन कार्यक्रम में हुई थी मुलाकात
शिकायतकर्ता श्रवण गुप्ता, निवासी तेलीबांधा रायपुर, ने एसपी से शिकायत की है कि वह पिछले एक-दो वर्षों से बेरोजगार था और नौकरी की तलाश कर रहा था। इसी दौरान भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में उसकी मुलाकात पूजा राठौर से हुई थी।
शिकायत के मुताबिक, पूजा राठौर ने जांजगीर-चांपा जिले की बड़ी औद्योगिक कंपनियों में संपर्क होने की बात कही और केएसके तथा प्रकाश इंडस्ट्रीज में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
नौकरी के नाम पर लिए 2 लाख रुपये
युवक का आरोप है कि नौकरी दिलाने के एवज में 3 लाख रुपये देने की बात तय हुई थी। इसके बाद उसने डेढ़ लाख रुपये नकद दिए और कुछ दिन बाद 50 हजार रुपये की अतिरिक्त रकम भी दी। इस तरह कुल 2 लाख रुपये दिए गए।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, रकम लेने के बावजूद न तो उसे नौकरी मिली और न ही उसके पैसे वापस किए गए।
पैसे मांगने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी का आरोप
श्रवण गुप्ता का आरोप है कि जब उसने पूजा राठौर से अपनी रकम वापस मांगी तो उसे गंभीर आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी दी गई। इस धमकी के कारण वह डर गया। इसके बाद उसने पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की और कार्रवाई की मांग की।
SP ने काउंसलर पद से हटाया
मामले की शिकायत एसपी तक पहुंचने के बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ने पूजा राठौर को पुलिस परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर पद से हटा दिया है। नौकरी के नाम पर कथित रूप से रकम लेने और धमकी देने के इन आरोपों को लेकर मामला चर्चा में है।
फिलहाल, शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोपों पर संबंधित पक्ष का आधिकारिक जवाब सामने नहीं आया है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।








