Wednesday, September 2, 2026

पंचपेडी में खेत से मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, सिर पर चोट के निशान; हत्या की आशंका

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचपेडी में बुधवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव गांव के पीडीएस भवन के पास स्थित खेत में पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

 

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह कुछ ग्रामीण खेतों की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में पड़े शव पर पड़ी। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी। ग्रामीणों के मुताबिक, शव करीब दो दिन या उससे अधिक समय से वहां पड़ा होने की आशंका है।

 

शव के सिर पर चोट के निशान भी दिखाई दिए हैं। ऐसे में ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

 

घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।