Thursday, August 20, 2026

पूर्व कांग्रेस विधायक भजन सिंह निरंकारी का निधन:हार्ट अटैक के बाद अस्पताल में थे भर्ती; 2009 में वैशालीनगर से जीता था उपचुनाव

भिलाई के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और पूर्व विधायक भजन सिंह निरंकारी का शनिवार शाम निधन हो गया। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान शनिवार देर शाम उनका निधन हो गया। रामनगर मुक्तिधाम में रविवार दोपहर 1 बजे उनका अंतिम संस्कार होगा। उनकी अंतिम यात्रा सूर्या विहार कॉलोनी से निकलेगी।

भजन सिंह निरंकारी 1985 से 1990 तक साडा के चेयरमैन रहे। वो ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। 2009 में हुए उपचुनाव में उन्होंने वैशालीनगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और भाजपा के जागेश्वर साहू को हराकर विधायक बने थे। परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया था। इसके बाद उन्हें स्पताल में भर्ती कराया गया था।

दी जाएगी श्रद्धांजलि

अस्पताल में भर्ती होने के बाद दोपहर को दुर्ग शहर विधायक अरूण वोरा उनका हालचाल जानने भी पहुंचे थे। वहां उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत की थी और उनके उपचार के लिए डॉक्टरों को निर्देश दिए थे। पूर्व विधायक की मौत से पूरे जिले में शोक की लहर है। दिवंगत निरंकारी को दोपहर एक बजे नगर निगम भिलाई के गेट के सामने श्रद्धांजलि दी जाएगी।