Tuesday, November 24, 2026

प्रदीप गौर का विवादित बयान, बोले- ‘जय श्रीराम’ के नारे से गर्भ में पल रहे आतंकवादी का गर्भपात हो जाए

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद की कार्यकर्ता कार्यशाला के दौरान संगठन के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री प्रदीप गौर के एक बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘जय श्रीराम’ के नारे इतनी जोर से लगाए जाएं कि जिस महिला के गर्भ में आतंकवादी पल रहा है, उसका गर्भपात हो जाए। उनके इस बयान का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं।

हनुमान जी के लंका जाने के प्रसंग का किया जिक्र

कार्यशाला में प्रदीप गौर ने हनुमान जी के लंका जाने से जुड़े प्रसंग का उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि जब हनुमान जी लंका पहुंचे थे, तब उनके ‘जय श्रीराम’ के नारों से राक्षसनियों के गर्भ में पल रहे बच्चों का गर्भपात हो गया था।

इसी प्रसंग का हवाला देते हुए उन्होंने मौजूद कार्यकर्ताओं से भी जोर-जोर से ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाने की अपील की। इस दौरान उन्होंने मंच से कार्यकर्ताओं के साथ नारे भी लगवाए।

विमतारा भवन में आयोजित हुई कार्यकर्ता कार्यशाला

यह कार्यशाला सोमवार को रायपुर के विमतारा भवन में आयोजित की गई थी। इसमें अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और उससे जुड़े संगठनों के बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया भी मौजूद रहे।

चार दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं प्रवीण तोगड़िया

अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया 23 नवंबर से चार दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन उन्होंने रायपुर जिला कार्यकारिणी की बैठक में हिस्सा लिया।

बैठक में हाल ही में शुरू की गई हिंदू हेल्पलाइन और हनुमान चालीसा केंद्रों की गतिविधियों की समीक्षा की गई। दौरे के दौरान तोगड़िया इन केंद्रों की गतिविधियों का जायजा भी लेंगे।