बस से 35 किलो गांजा जब्त, दो महिला तस्कर गिरफ्तार

धमतरी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के तहत थाना बोराई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 4 फरवरी 2026 की रात चेक पोस्ट बोराई में यात्री बस “नरेश” (CG-07-E-4433) की तलाशी के दौरान दो महिलाओं से भारी मात्रा में मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने लोअर बर्थ क्रमांक 23 और 24 पर बैठी दोनों महिलाओं के तीन ट्रॉली बैग की तलाशी ली, जिसमें कुल 8 बंडलों में रखा 35 किलो 783 ग्राम गांजा मिला। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 17 लाख 89 हजार 150 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपियों रेखा रानी और कोमल चौधरी के खिलाफ धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गांजा जब्त किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।