knn24news/ दो मनचलों को सड़क पर जा रही लड़की के साथ छेड़खानी करना भारी पड़ गया। पीड़ित लड़की तो शांत रही, लेकिन उसकी छोटी बहन ने इन मनचलों को खूब सबक सिखाया. छोटी बहन ने युवकों पर सरेराह हमला बोल दिया।
महाराष्ट्र के औरंगाबाद शहर के सुतगिरनी चौक के पास से गुजर रही एक लड़की को बाइक सवार दो युवकों ने रोक लिया। आरोपी युवकों ने लड़की से छेड़खानी शुरू कर दी। मनचलों की हरकतों से लड़की बुरी तरह सहम गई। उसी समय पीड़ित लड़की की छोटी बहन वहां पहुंच गई।
पीड़िता की छोटी बहन बिना डरे आरोपी युवकों से भिड़ गई। छोटी बहन ने बीच सड़क पर मनचलों की पीटना शुरू कर दिया। लड़की का गुस्सा देख मनचलों के पसीने छूट गए। एक आरोपी मौके पर अपनी बाइक छोड़कर वहां से भाग गया, जबकि दूसरे को लड़की ने पकड़ लिया। गर्दन पकड़ कर सरेराह उसकी धुनाई की। इस दौरान, मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।







