Monday, April 6, 2026

बांगो एनएच पर बाइक सवार को बचाने बेकाबू हुई कार, पलटने से उड़े परखच्चे

बांगाे हाईवे पर साेमवार की सुबह बिना संकेत दिए एक बाइक के टर्न हाेने पर उसे बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार कार बेकाबू हाेकर पलटने से खेत में उतर गई। कार के सामने हिस्से का परखच्चे उड़ गए। घटना में कार चला रहे युवक समेत उसमें सवार उसके माता-पिता बाल-बाल बच गए, उन्हें हल्की चाेट आई है।

पुलिस के मुताबिक रायपुर निवासी पुष्पेंद्र सिंह अपने माता-पिता काे साथ लेकर कार सीजी- 4 एनई-6741 में गढ़वा झारखंड गया था। वे सभी रविवार काे गढ़वा से वापस रायपुर के लिए रवाना हुए थे। कार पुष्पेंद्र चला रहा था। पीछे उसके माता-पिता बैठे थे। जाे साेमवार की सुबह करीब 8 बजे बांगाे हाईवे पर छिबारीपारा-काेनकाेना के पास पहुंचे ही थे कि कार के आगे चल रही बाइक के चालक ने बिना संकेत दिए अचानक टर्न ले लिया।

बाइक चालक काे बचाने के लिए पुष्पेंद्र ने कार काे बायीं ओर दबाने की काेशिश की, लेकिन कार की रफ्तार तेज हाेने से वह बेकाबू हाेकर सड़क से पलटते हुए खेत में उतर गई। घटना में कार के सामने हिस्से के परखच्चे उड़ गए, लेकिन उसमें सवार तीनाें बच गए। तीनों को हल्की चाेट लगी। घटना की सूचना मिलते ही नजदीक स्थित बांगाे थाना के प्रभारी राजेश पटेल माैके पर पहुंचे। 112 की टीम भी वहां पहुंच गई, जिसमें तीनाें घायल काे पाेड़ी-उपराेड़ा अस्पताल भेजा गया।