बिलासपुर में पिछले 2 दिन में तापमान 8 डिग्री कम हो गया है। रात में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री पर लुढ़क गया। ऐसे में ठंड कंपकंपाने लगी है। रात के साथ ही अब दिन में भी ठंड महसूस होने लगी है, जिसके चलते लोग स्वेटर और जैकेट का सहारा ले रहे हैं।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज होने के साथ ही शीतलहर चलने की संभावना जताई है। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं का असर अब बिलासपुर में देखने को मिल रहा है।
मॉर्निंग वॉक करने वालों को परेशानी
बुधवार की तरह गुरुवार की सुबह भी बहुत तेज ठंड महसूस हुई। इसकी वजह से सुबह उठने वालों के साथ ही मॉर्निंग वॉक करने वालों को परेशानी हुई। धूप निकलने के बाद ठंड कम हुई, लेकिन दिन में तापमान ज्यादा नहीं चढ़ने और हवा चलने की वजह से ठंड का असर लोगों पर दिखा।
हालांकि, बुधवार की तुलना में गुरुवार को अधिकतम तापमान अधिक रहा और 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसके बावजूद दोपहर के समय भी लोग हाफ स्वेटर और जैकेट में नजर आए। वहीं, रात में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहा, जिसके चलते लोग ठंड में कांपते दिखे।








